जैसलमेर जिले में पाकिस्तान की सीमा से सटे शाहगढ़ बल्ज क्षेत्र में गुरुवार सुबह बीएसएफ के एक हेड कांस्टेबल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मध्यप्रदेश के भिंड जिला निवासी हेड कांस्टेबल हाल ही में छुट्टी मनाकर ड्यूटी पर लौटा था। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के कारण वह परेशान चल रहा था। जिसके बाद आज सुबह उसने यह कदम उठा लिया।
भिंड निवासी 51 वर्षीय प्रेम सिंह यादव 30 अप्रैल को अपनी छुट्टी मनाकर वापस जैसलमेर पहुंचा था। यहां आने के बाद उसे आइसोलेशन में रखा गया था। 2 दिन पूर्व ही शाहगढ़ क्षेत्र की चिंकारा सीमा चौकी पर भेज गया था। नाइट ड्यूटी करने के बाद आज सुबह चौकी पर पहुंचते ही उसने अपनी एसएलआर राइफल से खुद के सिर में दो गोली मार ली और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाद में बीएसएफ के अधिकारियों ने शाहगढ़ पुलिस को इसकी सूचना दी।
बता दें कि उसके साथ तैनात बीएसएफ के अन्य जवान का कहना है कि छुट्टी से लौटने के बाद से वह लगातार परेशान चल रहा था। गांव में उसके भाई के साथ जमीन बंटवारे को लेकर विवाद काफी बढ़ गया था। इस कारण वह तनाव में था।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)