दो चक्रवर्ती तूफान ताऊ ते और यास के गुजरने के बाद अब मानसून का इंतजार है। मानसून उत्तरी सीमा कोमोरिन सागर तक पहुंच गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह अगले 2 से 3 दिन में केरल तट पर दस्तक देगा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव ने कहा कि मानसून 31 मई को केरल के तट पर पहुंच जाएगा। केरल में मानसून के दस्तक देने की सामान्य तारीख वैसे 1 जून है। लेकिन मौसम विभाग ने 30 मई को ही दस्तक देने की भविष्यवाणी करते हुए 4 दिन प्लस माइनस होने की संभावना भी जताई है।
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने मानसून के दस्तक देने का 2 दिन आगे पीछे की गुंजाइश के साथ 30 मई का अनुमान लगाया था। मानसून अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। अंडमान निकोबार दीप समूह में अपनी तय तारीख 21 मई को दस्तक देने के बाद यह लगातार उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह 24 मई को श्रीलंका के दक्षिणी तट तक पहुंच चुका था और 3 दिन में श्रीलंका के उत्तरी सिरे तक पहुंच चुका है।
गुरुवार को मानसून मालदीव को भी पार कर चुका है। मानसून की ऊपरी सीमा केरल के तट से अभी करीब 200 किलोमीटर दूर है। ताऊ ते तूफान के गुजरने के दौरान उसके बाद भी केरल में भारी बारिश हुई है। इस हफ्ते की शुरुआत से ही केरल के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो रही थी। लेकिन गुरुवार से इस में कमी आने लगी है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)