धौलपुर जिले के थाना क्षेत्र की राजस्थान और उत्तर प्रदेश की कैथरी बॉर्डर पर सुबह 4 बजे नाकाबंदी के दौरान बजरी माफियाओं ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोली लगने से RAC का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर बजरी माफिया उत्तर प्रदेश की ओर भाग गए। घटना के बाद घायल जवान को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायल जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही SP केसर सिंह शेखावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बचन सिंह मीणा, सैंपऊ CO विजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी परमजीत सिंह पटेल पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी के निर्देश पर घायल जवान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। और बजरी माफियाओं की तलाश में पुलिस टीमें रवाना की गई है। यूपी पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
बता दे कि जिले में पिछले कुछ समय से बदमाशों की धरपकड़ के लिए जिला पुलिस अधीक्षक ने अभियान चला रखा है। लेकिन बजरी माफिया पुलिस से काबू में नहीं आ रहे हैं। गुरुवार सुबह 4 बजे अवैध रूप से चंबल बजरी भरकर जा रहे ट्रैक्टरों को नाकाबंदी के दौरान रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान चेक पोस्ट पर तैनात आरएसी के जवान भोलीराम को बजरी माफिया ने गोली मार दी। इसके बाद बजरी माफिया फायरिंग करते हुए उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की तरफ भाग गए।
घटना के बाद एसपी केसर सिंह शेखावत ने बताया राजस्थान उत्तर प्रदेश की सीमा पर अपराध नियंत्रण के लिए चेक पोस्ट है। बजरी माफिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस पर हमला करने वाले बजरी माफिया को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)