प्रदेश में कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति इन दिनों चरम पर है। मंत्रिमंडल का विस्तार होना तय है। और सबसे बड़ा सवाल यह है कि मंत्री पद किसे दिया जाए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सचिन खेमे के तीन लोगों को अपनी पसंद से ही चयनित करने पर अड़े हैं। इसे लेकर खींचतान और बढ़ गया है। उन्हें समझाने के लिए एक के बाद एक कांग्रेस के नेता जयपुर का दौरा कर रहे हैं। दूसरी तरफ गहलोत है कि झुकने को बिल्कुल भी तैयार नहीं है। आलाकमान भी गहलोत को नाराज करने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में बीच का रास्ता निकालने के नए फार्मूले के साथ नेताओं को जयपुर भेजा जा रहा है।
गहलोत इस बार भी सचिन खेमे को रियायत देने को तैयार नहीं है। वे नहीं चाहते कि किसी प्रकार का मैसेज जाए कि गहलोत को झुकना पड़ा। सचिन खेमे में गहलोत पहले ही सेंध लगा चुके हैं। अभी वे इस खेमें में पूरा बिखराव करने को आमादा है। गहलोत सचिन खेमे में 3 लोगों को मंत्री बनाने की तैयारी है। लेकिन नाम को लेकर उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर दी है। गहलोत सचिन खेमे के ऐसे 3 लोगों को मंत्री बनाना चाहते हैं, जो कभी उनके नजदीकी रह चुके हैं। ऐसा करके इन 3 लोगों को अपनी तरफ करने की तैयारी में है। दूसरी तरफ सचिन अपने सुझाव के 3 नाम पर अड़े हैं। आलाकमान को गहलोत अपनी मंशा खुलकर बता चुके हैं। इस कारण पैदा हुआ गतिरोध समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है।
पार्टी आलाकमान ने प्रदेश प्रभारी अजय माकन को भेजा जयपुर-
पार्टी आलाकमान ने प्रदेश प्रभारी अजय माकन को जयपुर भेजकर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास किया है। बात बन नहीं पाई। उन्होंने यहां की वास्तविक स्थिति के साथ ही गहलोत व सचिन की मंशा से आलाकमान को अवगत करा दिया है। बात न बिगड़े इसके लिए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष और सोनिया गांधी की विश्वसनीय कुमारी शैलजा को यहां पहुंचा गया है। इसके बाद आज कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी जयपुर आ रहे हैं। यह दोनों जनों के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में सोनिया गांधी ने इन दोनों को गहलोत को राजी करने के लिए भेजा है।
आसानी से नहीं झुकेंगे सीएम गहलोत-
गहलोत को बेहद नजदीक से जानने वाले राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि पार्टी में गहलोत का कद अब बहुत बड़ा हो चुका है। उनका कद रातों-रात बड़ा नहीं हुआ है, बरसों की मेहनत से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। ऐसे में उन पर अब दबाव की राजनीतिक काम नहीं करती। वे आलाकमान के समक्ष न केवल खुलकर अपनी बात रख सकते हैं, बल्कि उसे मनवाने की हिम्मत भी रखते हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि गहलोत के फार्मूले पर तैयार होते हैं या नहीं।
विरोधियों को नहीं बख्शते हैं गहलोत-
पार्टी की अंदरूनी राजनीति में गहलोत को आगे बढ़ाने के लिए बरसों पुराने नेताओं ने काफी संघर्ष किया है। सबसे पहले तो उन्हें जोधपुर जिले की राजनीति में ही यह समझ आ गया था कि आगे की राह बेहद मुश्किल है। उन्होंने बीच का रास्ता अपनाया और धीरे-धीरे अपने कदम मजबूती से जमाने शुरू किए। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में उन्होंने अपने कदम जमाए। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में अपने समर्थकों को आगे बढ़ाया। इस दौरान कई विरोधियों ने उनकी राह में रोड़े भी लगाए, लेकिन गहलोत इन सभी लोगों से पार पाते गए।
गहलोत ने अपने इन विरोधियों को बख्शा नहीं। जब कभी भी मौका मिला उन्होंने बेहद सादगी के साथ हिसाब बराबर कर दिया। ऐसे में जब सचिन के तेवर के कारण होने लगातार अपना राजनीतिक कौशल दर्शाना पड़ रहा है। यह पहला अवसर है जब वे इतने बड़े राजनीतिक संकट से घिरे हैं। ऐसे में नहीं लगता कि वह आसानी से सचिन खेमे की बातों पर सहमत हो जाएंगे।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)