जम्मू कश्मीर के पुलवामा में बुधवार देर शाम तीन आतंकवादियों ने एक भाजपा नेता को गोली मार दी। घटना पुलवामा जिले के त्राल पायीन क्षेत्र में हुई थी। भाजपा पार्षद राकेश पंडित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पंडित के साथ उनके दोस्त की बेटी भी हमले में घायल हुई है। जिसका इलाज चल रहा है।
राकेश पंडित पर यह हमला उस समय हुआ जब वे बिना सुरक्षा के दोस्त से मिलने जा रहे थे। भाजपा पार्षद के साथ दो सुरक्षाकर्मी हमेशा रहते थे। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की निंदा की है।
कश्मीर के इंस्पेक्टर जनरल विजय कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम को 3 अज्ञात आतंकवादियों ने त्राल के भाजपा पार्षद राकेश पंडित पर हमला किया था। राजेश पंडित त्राल बाला में रहते थे। घटना के वक्त राकेश अपने दोस्त के पास त्राल पायीन जा रहे थे। राकेश की मौत हो गई है, जबकि उनके दोस्त की बेटी घायल हुई है।
आईजी विजय कुमार ने कहा कि राकेश पंडित श्रीनगर में पूरी तरह सुरक्षित रह रहे थे। उनके साथ सुरक्षा के लिए तो पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर भी तैनात किए गए थे। हालांकि घटना के समय यह दोनों सुरक्षा गार्ड के साथ नहीं थे। आतंकियों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
राज्य के भाजपा चीफ रविंद्र रैना ने कहा कि राकेश पंडित की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। कश्मीर घाटी में खून बहाने वाले आतंकियों को खत्म किया जाएगा। यह एक मानवता और कश्मीरियत की हत्या है। वहीं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि हिंसा की घटनाओं ने कश्मीर घाटी को हमेशा से दुख पहुंचाया है।
जम्मू कश्मीर में भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने घटना की निंदा की है। उन्होंने इस मामले को बर्बर बताते हुए कहा कि आतंकवादी कुछ भी कर ले लेकिन भाजपा नेताओं को लोगों की सेवा करने से नहीं रोक सकते हैं। लोगों पर हमला करना कोई बहादुरी नहीं है। पुलिस को आरोपियों की तलाश कर उन्हें सजा देनी चाहिए।
वहीं जम्मू कश्मीर पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने इस घटना पर कहा कि एक बार फिर बंदूकधारियों ने गैर लड़ाके पर हमला किया। यह बंदूक एक अभिशाप है। बस विचार करो। जिस दिन से यह खतरा कश्मीर में आया है। हमने क्या देखा है संक्षिप्त में कश्मीरियों की अक्षमता। प्रिय बंदूकधारियों क्या आप कृपया वापस जा सकते हैं, जहां से आप आए थे। अब बहुत हो चुका।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)