108
- कोटा के मंडाना स्थित पेट्रोल पंप पर 4 बदमाशों ने बंदूक की नोक पर की एक लाख से ज्यादा की लूट।
- 5 महीने पहले भी हो चुकी है इसी पेट्रोल पंप पर ऐसी ही वारदात।
कोटा के मंडाना इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार तड़के बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट की। बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर ड्यूटी दे रहे चार कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया और फिर लाॅकर की चाबी लेकर एक लाख से ज्यादा रुपए लूट लिए। बता दें कि जिस पेट्रोल पंप पर लूट हुई, उसमें 5 महीने पहले भी ऐसी ही वारदात हुई थी। लेकिन पुलिस अभी तक उस वारदात का खुलासा नहीं कर सकी। यह पेट्रोल पंप झालावाड़ जिले के डग से बीजेपी के पूर्व विधायक रामचंद्र सुनेरीवाल का है।
रिपोर्ट के मुताबिक वारदात सुबह 3 से 4 बजे के बीच की है। रात को यहां पूर्व विधायक के भतीजे टीकमचंद और सेल्समैन लक्ष्मण, हरीश और विनोद की ड्यूटी थी। चारों केबिन में सो रहे थे। तभी चार बदमाश पैदल ही पेट्रोल पंप पर आए और दरा जाने का रास्ता पूछा। इस पर सेल्समैन ने रास्ता बता दिया। तभी बदमाश वही सोने की बात अड़ गए। सेल्समैन ने बदमाशों को वहां सोने के लिए मना कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने बंदूक निकालकर सेल्समैन के सिर पर लगा दी और फिर लॉकर की चाबी लेकर लॉकर में रखे एक लाख से ज्यादा रुपए लेकर फरार हो गए। बदमाश जाते समय चारों को कमरे में बंद कर बाहर कुंडी लगा दी।
बदमाशों के हाथ में सरिये भी थे। जो उन्होंने पास के पेट्रोल पंप से उठाए थे, जहां पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा था। लुट करने के बाद बदमाश पैदल ही झालावाड़ की तरफ निकल गए। अभी तक यह पता नहीं चला है कि बदमाश बाइक से आए थे या दूसरे के किसी साधन से। बदमाशों के जाने के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
5 महीने पहले भी इसी पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात हुई थी। उस दौरान सीसीटीवी कैमरे खराब थे। तब भी हथियार के बल पर बदमाश ₹10 हजार लूट कर फरार हो गए थे। सुराग नहीं मिलने के कारण पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई थी। पेट्रोल पंप पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे खराब बताए जा रहे हैं। ऐसे में इस बार भी आरोपियों का सुराग लगना मुश्किल होगा। मंडाना एसएचओ महेश ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लूट करने वाली पुरानी गैंग के ही लोग हो सकते हैं। फिलहाल जांच की जा रही है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)