पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के निधन की फर्जी खबर गुरुवार रात सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। इसकी शुरुआत कांग्रेस नेता शशि थरूर के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हुई। शशि थरूर ने लिखा कि “पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन जी हमारे बीच नहीं रही। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे।”
इस मामले में इंदौर के सराफा थाने में अज्ञात के खिलाफ फेक न्यूज़ फैलाने का मामला दर्ज किया गया है। यह f.i.r. पूर्व पार्षद सुरेश देगडे ने दर्ज कराई है। शशि थरूर के इस पोस्ट के बाद जवाब में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि “ताई एकदम स्वस्थ है। भगवान उन्हें लंबी उम्र दे।”
कैलाश विजयवर्गीय की इस पोस्ट पर थरूर ने कहा कि सुमित्रा महाजन के निधन की खबर वाली सोशल मीडिया पोस्ट उन्होंने डिलीट कर दी है। बता दे कि हल्का बुखार आने के बाद सुमित्रा महाजन ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया था। जिसकी कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। उनकी तबीयत में सुधार बताया जा रहा है।
शशि थरूर ने बाद में माफी मांगते हुए लिखा कि “पता नहीं यह कौन लोग है, जो इस तरह की झूठी खबरें फैलाते हैं। मुझसे भूलवश ऐसा हुआ है। मेरी शुभकामनाएं सुमित्रा जी के साथ हैं। भगवान उन्हें लंबी उम्र दे और स्वस्थ रखें।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)