देश में पेट्रोल- डीजल और रसोई गैस के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में मंगलवार को क्रांगेस की यूथ विंग ने जयपुर कलेक्ट्रेट ऑफिस पर अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट ऑफिस के बाहर कार्यकर्ताओं ने मिट्टी के चूल्हे पर रोटी और चाय बनाई और कार्यकर्ताओं को पिलाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बड़े हुए गैस के दाम को वापस लेने की मांग की।
इससे पहले कार्यकर्ता यूथ कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर पहुंचे। कलेक्ट्रेट पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मिट्टी का चूल्हा लाकर उसमें लकड़ी, गोबर के कंडे जलाकर चाय बनाई। इस दौरान प्रदर्शन में मौजूद एक महिला कार्यकर्ता ने मौके पर ही आटा गूंथा और उससे रोटी बनाई। चूल्हे पर बनी चाय सभी कार्यकर्ताओं को पिलाई गई। विरोध कर रहे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बताया कि रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी को केंद्र सरकार ने बंद कर दिया। गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। लोग वैसे ही बेरोजगारी और महंगाई से परेशान हैं।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के इस प्रदर्शन को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के जयपुर दौरे से भी जोड़कर देखा जा रहा है। केंद्र में भाजपा की सरकार है और कांग्रेस की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को महंगाई के प्रति मैसेज देने के लिए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। यह प्रदर्शन केवल जयपुर में ही किया जा रहा है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)