राजस्थान में लंबे समय से प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी गठन को लेकरर चल रहा इंतजार बुधवार को खत्म हुआ। एआईसीसी ने पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की टीम के 39 नामों की पहली सूची का ऐलान कर दिया है। जिसमें 7 उपाध्यक्ष, 8 महासचिव और 24 सचिवों की घोषणा की गई है।
प्रदेश प्रभारी अजय माकन और प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा की इस टीम ने जातीय संतुलन और पॉलिटिकल पॉवर को भी साधने की कोशिश की है। इसमें कांग्रेस के अनुभवी और वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ युवाओं को भी बराबर की जगह मिली है। पूर्व विधायकों और मंत्रियों को भी सूची में स्थान मिला है। लेकिन पहली सूची में संगठन महासचिव और पार्टी के प्रवक्ताओं के नाम पर सहमति नहीं बनी है। और अभी इन नामों की घोषणा नहीं की गई है।
वही इस घोषणा से पहले सबसे बड़ा सवाल यह था कि प्रदेश संगठन की सूची में सचिन पायलट की टीम को कितनी अहमियत दी जाएगी। अब सूची जारी होने के बाद माना जा रहा है कि संगठन में भले ही अशोक गहलोत गुट हावी रहा हो, लेकिन पायलट कैंप के भी नज़दीकियों को प्रदेश संगठन में जगह मिली है। इसमें तीन महासचिव वेद प्रकाश सोलंकी, राकेश पारीक और जीआर खटाणा पायलट कैंप के हैं।जो कि बगावत के दौरान सचिन पायलट के साथ मानेसर में मौजूद रहे थे। इसी तरह सचिन पायलट कैंप के पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेंद्र चौधरी व पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर को अध्यक्ष तथा प्रशांत सहदेव शर्मा, शोभा सोलंकी और महेंद्र सिंह खेड़ी को सचिव बनाया गया है। संगठन की सूची की घोषणा के बाद पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने ट्वीट कर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं और बधाई दी।
साथ ही विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी के नजदीकी माने जाने वाले पूर्व वित्त राज्य मंत्री हरिमोहन शर्मा और विधायक रामलाल जाट भी शामिल है। 24 सचिवों की पूर्व सूची में 4 पूर्व सचिव भी शामिल है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी में आएंगे नए चेहरे नजर-
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई सूची के ऐलान के बाद पीसीसी की टीम में मुमताज मसीह, पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री महेश शर्मा, राजेश चौधरी, पूर्व प्रवक्ता अर्चना शर्मा, सत्येंद्र भारद्वाज, रूपेश कांत व्यास नजर नहीं आएंगे। वहीं बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए लाखन मीणा को भी संगठन में जगह दी गई है। लाखन मीणा को प्रदेश कांग्रेस महासचिव का अहम जिम्मा दिया गया है। पीसीसी में 5 महिला पदाधिकारियों को भी जगह दी गई है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)