बहरोड़ थाना क्षेत्र के हनुमान नगर की रहने वाली 8 महीने की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इस पर महिला के पीहर पक्ष ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। मगर मासूम ने दुनिया में आने से पहले मां के साथ कोख में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार दीपिका पत्नी देवेश यादव बहरोड़ के हनुमान नगर वार्ड 1 की रहने वाली थी। उसकी ढाई साल पहले ही शादी हुई थी और वो साढ़े 8 माह की गर्भवती थी। दोपहर 12 बजे तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे बहरोड़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से डॉक्टर ने उसे गंभीर हालत में दूसरे निजी अस्पताल भेज दिया। इस दौरान रास्ते में दीपिका ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर बहरोड़ पुलिस अस्पातल पहुंची और रामगढ़ के चंडीगढ़ में रहने वाले पीहर पक्ष को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमॉर्टम के दौरान मृत बच्ची के शव को बाहर निकाला।
मृतका के पिता रामगढ़ तहसील के गांव चंडीगढ़ के रहने वाले परसराम पुत्र उमराव सिंह यादव ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई जिसमें बताया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेटी को पॉइजन देकर हत्या कर दी। इस संबंध में पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।