नई दिल्ली – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन आज सुबह लगभग 3:30 बजे हो गया जिसकी जानकारी उनके पुत्र द्वारा अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए दी गई है | बताया जा रहा है कि अहमद पटेल को लगभग 1 माह पहले कोरोना हो गया था जिसके बाद वे अस्पताल में भर्ती हुए थे | पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ज्यादा खराब थी और उनके कुछ अंगों ने काम करना भी बंद कर दिया था | सुबह 3:00 बजे के लगभग उनकी तबियत अचानक बिगड़ने के पश्चात काफी प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका | वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे | उनके निधन की जानकारी उनके पुत्र फैजल पटेल द्वारा ट्विटर के जरिए सभी शुभचिंतकों को दी गई| साथ ही उनके पुत्र द्वारा सभी लोगों को कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने का भी संदेश दिया | अहमद पटेल कांग्रेस के काफी वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव भी थे | वे ऐसे नेता थे जिनका 10 जनपद में सीधा आना जाना था | उनके निधन पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने शोक व्यक्त किया है |
भानु प्रकाश शर्मा (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)