मुंबई में बॉलीवुड की कुछ बड़ी हस्तीयों के घर बुधवार को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापा मारा। इनमें ऐक्ट्रेस तापसी पन्नू, निर्माता अनुराग कश्यप, विकास बहल और मधु मंटेना शामिल है। इन पर इनकम टैक्स चोरी का आरोप है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से शहर में 22 जगह कार्रवाई की जा रही है। जानकारों के मुताबिक यह छापेमारी “फैंटम” फिल्म से जुड़ी है। यह संयोग है कि जिन लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, वह मोदी सरकार के विरोधी रहे हैं।
तापसी पन्नू और अनुराग कश्यप देश में चल रहे मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते हैं। तापसी किसान आंदोलन का भी समर्थन करती रही हैं। इस आंदोलन पर पॉप स्टार रिहाना ने सोशल मीडिया पर कमेंट किया, तो जवाब में बॉलीवुड और खेल जगत की कई हस्तियों ने सरकार के पक्ष में ट्वीट किए थे। तापसी ने इन सेलिब्रिटीज के खिलाफ अपनी राय रखी थी।
मधु मंटेना की टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी Kwaan के दफ्तर पर भी आयकर अधिकारी पहुंचे। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को फैंटम फिल्म कंपनी के कामकाज और लेन-देन में गड़बड़ी का अंदेशा है। छापेमारी में मिले दस्तावेज और सबूत के आधार पर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। और आशंका जताई जा रही है कि इसमें और कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
बता दे कि फैंटम फिल्म्स कंपनी को अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवानी, मधु मेंटाना और विकास बहल ने 2010 में शुरू किया और 2018 में विकास बहल पर यौन शोषण का आरोप लगने के बाद इस कंपनी को बंद कर दिया गया। इसके बाद ही चारों पाटनर अलग हो गए थे। इन चारों पर ही आरोप है कि फैंटम फिल्म से हुई इनकम का सही से ब्यौरा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को नहीं दिया गया और इसे कम करके दिखाया गया।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)