महाराष्ट्र में थाने के मुंब्रा इलाके में बुधवार सुबह एक प्राइवेट हॉस्पिटल प्राइम क्रिटीकेयर में भीषण आग लगने से 4 मरीजों की मौत हो गई। आग लगने के बाद आईसीयू में भर्ती 6 मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा था, उसी दौरान मरीजों ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय विधायक जितेंद्र अव्हाड ने घटनास्थल का जायजा लिया। ठाणे महानगरपालिका ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान भी किया है। ठाणे नगर निगम की ओर से कहा गया है कि जब मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी 4 मरीजों की मौत हो गई। शुरुआती जांच के मुताबिक आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी है। हालांकि इसकी असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मधुकर शिवाजी कदम ने बताया कि इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है। मौत का कारण पोस्टमार्टम के जरिए पता लगाया जाएगा। शुरू में हमें जानकारी मिली थी कि अस्पताल के अंदर 12 मरीज हैं। लेकिन यहां आने पर ज्यादा मरीज मिले। हमारी जांच जारी है, अगर कोई दोषी हुआ तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)