अजमेर जयपुर हाईवे पर स्थित श्री राजस्थान ढाबे पर बुधवार रात कार पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में आरोपी युवकों ने ढाबा कर्मचारियों के साथ मारपीट कर फायरिंग कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आया एक युवक फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जवाहरलाल नेहरु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर गेगल थाना पुलिस सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे और फरार आरोपी रामस्वरूप उर्फ गजनी व अन्य की तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है।
घायल युवक भाजपा मंडल अध्यक्ष कन्हैयालाल का भतीजा प्रीतम यादव है। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल प्रीतम को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। प्रीतम के सीने और हाथ में छर्रे लगे हैं। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है। वारदात में किशनगढ़ का कुख्यात रामस्वरूप उर्फ गजनी और गेगल क्षेत्र में रहने वाले शहजाद सहित आधा दर्जन लोग शामिल थे। यह लोग श्री राजस्थान ढाबे पर सामान खरीदने आए थे। वाहन पार्किंग को लेकर ढाबा कर्मचारियों ने टोका तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। ढाबे के कर्मचारी ने झगड़े के बारे में फोन पर परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद मौके पर पहुंची प्रीतम यादव दोनों पक्षों के बीच समझाइश की कोशिश कर रहे थे, तभी हमलावरों में से एक युवक ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। घायल प्रीतम यादव के चाचा कन्हैया लाल यादव ने बताया कि सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। गेगल थाना पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)