जयपुर, राजस्थान में जल्द ही अशोक गहलोत कैबिनेट का विस्तार होने वाला है। कांग्रेस महासचिव अजय माकन का बयान पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की नाराजगी की खबरों के बीच सामने आया है। अजय माकन ने पार्टी की राजस्थान इकाई में फिर से टकराव की स्थिति बनने की खबरों के बीच कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट नाराज नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य कैबिनेट एवं सरकार के नियमों एवं बोर्ड में खाली पदों को जल्द से भरा जाएगा।
अजय माकन ने कहा सचिन पायलट मेरे संपर्क में हैं।
अजय माकन ने यह भी कहा कि पायलट के साथ उनकी रोजाना बातचीत हो रही हैं। कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी माकन ने पायलट समर्थक विधायकों की कथित नाराजगी से जुड़े सवाल पर संवाददाताओं से कहा,”ऐसा कुछ नहीं है सब की सुनी जा रही है। सबके साथ मिलकर काम कर रहे हैं। जो रिक्त पद हैं चाहे वह कैबिनेट में हो या सरकार के अंदर बोर्ड और निगमों में हो ,सबसे बातचीत करके इनको जल्द भरा जाएगा। जल्द ही नियुक्तियां होंगी।
पायलट की नाराजगी से जुड़े प्रश्न पर माकन ने कहा,”ऐसा बिल्कुल नहीं है मेरी उन से रोज बात हो रही है अगर नाराज होते तो क्या हमारी बात होती।”उल्लेखनीय है कि राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की नाराजगी की खबरों के बीच उनके समर्थक विधायकों ने उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान में देरी पर नाराजगी जताई है। पायलट के करीब आधा दर्जन विधायकों ने गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित उनके निवास पर उनसे मुलाकात भी की।
दौसा विधायक पी आर मीणा ने भी कैबिनेट विस्तार की मांग की।
दोसा से कांग्रेस विधायक पी आर मीणा ने भी कैबिनेट विस्तार की मांग की है। मीणा ने कहा है कि मेरी मांग है कि मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाए और राजनीतिक नियुक्तियां दी जाए।
प्रदेश पीसीसी प्रमुख और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था कि राजस्थान में कैबिनेट विस्तार जल्द ही होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में पसीने और मेहनत से सेवा करने वाले सभी लोगों को बिना किसी पूर्वाग्रह के नियुक्त किया जाएगा। डोटासरा ने कांग्रेस में किसी भी खेमे की मौजूदगी से भी इनकार नहीं किया और कहा कि पार्टी की सेवा करने वाले सभी उम्मीदवारों को जल्द नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजनीतिक नियुक्तियों में देरी का एकमात्र कारण कोविड-19 दूसरी लहर थी और अब यह होता दिख रहा है कि इसमें देरी करने का कोई मतलब नहीं है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)