प्रदेश के सबसे बड़े हॉस्पिटल में पिछले 1 महीने से खराब पड़ी है ERCP प्रोसिजर मशीन-
राजस्थान के सबसे बड़े हॉस्पिटल सवाई मानसिंह में प्रशासन की लापरवाही इन दिनों मरीजों को काफी भारी पड़ रही है। गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट विभाग में एक मशीन पिछले महीने से खराब पड़ी है। इस कारण मरीजों को मजबूरन इलाज करवाने के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में जाना पड़ रहा है। कई बार प्रशासन को शिकायत के बावजूद मशीन को अब तक ठीक नहीं करवाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक ERCP प्रोसिजर मशीन के खराब होने के कारण आंतों में जाने वाली पतली नलियों में फंसी पथरी को निकालने जैसी प्रक्रिया नहीं हो पा रही है। इस कारण मरीजों को मजबूरन इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल जाना पड़ रहा है। हालांकि मशीन कोई ज्यादा महंगी भी नहीं है। इसके बावजूद हॉस्पिटल प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस मशीन के खराब होने के कारण मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। मरीजों को पथरी के इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल जाना पड़ रहा है। जहां उन्हें 20 से 25 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं।
खास मरीजों के लिए डॉक्टर खुद लाते हैं अपनी मशीन-
हॉस्पिटल के ही कुछ स्टाफ का कहना है कि मशीन खराब होने के कारण सामान्य मरीजों को तो इलाज के लिए मना कर दिया जाता है। लेकिन डॉक्टर के कोई विशेष जानकार या खास मरीजों के लिए डॉक्टर खुद की खरीदी हुई मशीन जो उनके घर पर होती है, उसे लाकर अपने परिचित मरीजों का इलाज करते हैं। स्टाफ के कुछ लोगों का कहना है कि जानबूझकर मशीनों तो खराब किया जाता है। पहले भी यह मशीन दो से तीन बार खराब हो चुकी है। खराब होने के बाद मशीन को कई महीनों तक ठीक नहीं किया जाता।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)