जोधपुर, राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा के निधन की खबर सुनते ही पूरे मारवाड़ में शोक की लहर छा गई है। पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक जताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट करते हुए कहा है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किसान नेता महिपाल सिंह मदेरणा के निधन का समाचार बेहद दुखद है। आगे कहते हुए उन्होंने कहा शोक संतप्त परिजनों के प्रति में गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
महिपाल मदेरणा के निधन पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने जताया दुख।
परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री महिपाल मदेरणा जी के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुख हुआ है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। मुख्य सचेतक डॉ महेश जोशी ने महिपाल मदेरणा के निधन पर गहरा दुख जताया है। महेश जोशी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। परिवार को इस दुख को सहने की क्षमता प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की। विपक्ष बीजेपी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कहां की महिपाल मदेरणा के निधन का समाचार दुखद है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे। परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
आज सुबह से श्रद्धांजलि देने वालों की लगी भीड़।
आपको बता दें कि महिपाल मदेरणा के निवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है। सांसद पीपी चौधरी से लेकर कुलदीप बिश्नोई एवं पूर्व विधायक मलखान सिंह बिश्नोई के अलावा कांग्रेस के नेता नारायण डाबड़ी, काशीराम बिश्नोई, पूर्व विधायक नारायण राम बेड़ा सहित कई नेताओं ने निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की है। राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। मदेरणा की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र चढ़ाया गया। एडीएम एम एल नेहरा और महिपाल भारद्वाज ने मदेरणा के निवास पर पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भांजे जसवंत सिंह कछवाहा के अलावा पीसीसी सचिव श्रवण पटेल ने भी निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
महिपाल सिंह मदेरणा के जीवन से जुड़ी हुई कुछ बातें।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का जन्म दिग्गज कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय परसराम मदेरणा के घर 5 मार्च 1952 को जोधपुर जिले के लक्ष्मण नगर चाडी गांव में हुआ था। उन्होंने जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर से ba.llb तक की पढ़ाई की है। वह दो भाई हैं और उनके पिता स्वर्गीय परसराम मदेरणा एवं बड़े भाई अशोक का पूर्व में निधन हो चुका है। उनकी पत्नी लीला मदेरणा वर्तमान में हाल ही के पंचायत चुनाव में जोधपुर के जिला प्रमुख बनी है। दो पुत्रियां दिव्या मदेरणा एवं रूपल मदेरणा हैं। जिनमें से दिव्या मदेरणा वर्तमान में इस परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में राजनीति संभालते हुए वर्तमान में जोधपुर जिले की ओसिया से विधायक हैं।
गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं मदेरणा।
महिपाल मदेरणा करीब 18 साल से अधिक समय तक जोधपुर के जिला प्रमुख के साथ ही वर्ष 2003 से 2008 तक भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र एवं 2008 से 2013 तक ओसिया से विधायक रहने के साथ ही तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार में जलदाय विभाग के कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। इस दौरान राजस्थान के बहुचर्चित भंवरी प्रकरण सामने आने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था। अभी करीब महीने भर पहले ही राजस्थान उच्च न्यायालय से जमानत मिली थी। लेकिन वह पिछले काफी समय से मुंह के कैंसर से जूझ रहे थे। बाद में उन्हें कोरोना हो गया था। हालांकि कोरोना से वह ठीक हो गए थे। लेकिन कैंसर एवं कोरोना का असर उन पर अभी तक बना हुआ था और वह नियमित रूप से कीमोथेरेपी लेने के साथ ही कोरोना से उबरने में भी लगे हुए थे। मदीना लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे और अपना इलाज ले रहे थे।
आज सुबह रविवार को हुआ निधन।
पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का रविवार सुबह 7:44 बजे निधन हो गया। वह 70 वर्ष के थे। मदेरणा लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे और अपना इलाज ले रहे थे। उन्हें 4 दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिलने पर घर ले जाया गया था। उनके परिवारजनों ने बताया कि लंबे समय से वह कैंसर से पीड़ित थे और मुंबई सहित अन्य स्थानों के डॉक्टरों से उपचार ले रहे थे। उनका निधन सुबह रेजिडेंस रोड स्थित निवास पर हुआ है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव चाडी में होगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)