राजधानी जयपुर में इस महीने के आखिरी या जून के पहले सप्ताह से लोगों को कचरा कलेक्शन के लिए शुल्क देना पड़ सकता है। जयपुर नगर निगम ग्रेटर कचरा कलेक्शन के लिए यूजर चार्ज वसुलना शुरू कर सकता है। इससे संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। यह शुल्क ऑनलाइन या क्यूआर कोड के द्वारा भी वसूला जा सकता है। हालांकि यह वसुली पूरे जयपुर में न होकर केवल कुछ चुनिंदा स्थानों पर और कमर्शियल प्रॉपर्टी ओनर से वसूली जाएगी।
नगर निगम कमिश्नर महेंद्र सोनी की माने तो चार्ज वसूली का काम संबंधित कचरा उठाने वाली फर्म का व्यक्ति ही करेगा। इसके लिए उसे ऑनलाइन पेमेंट एप वाली मशीन दी जाएगी। इस मशीन पर बने क्यूआर कोड को स्कैन करके अपना यूजर चार्ज दे सकते है। इसके अलावा हम पोर्टल और ऐप भी बना रहे हैं। जहां यूजर अपने आरएफआईडी कार्ड के नंबर के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर सकता है।
स्वायत शासन विभाग की ओर से प्रदेश में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए अलग-अलग चार्ज निर्धारित किए गए हैं। नगरीय निकाय अपने अपने क्षेत्र में अपनी अपनी सुविधा के हिसाब से शुल्क वसूलने के लिए अधिकृत हैं। कमर्शियल प्रॉपर्टी संचालकों से यह शुल्क 250 रुपए से लेकर 5000 रुपए तक वसूल हो सकता है।
अभी फिलहाल इन एरिया में होगी वसूली-
जयपुर नगर निगम ग्रेटर एरिया में यह वसूली फिलहाल मालवीय नगर और मुरलीपुरा जोन में एरिया संचालित कमर्शियल प्रॉपर्टी से शुरू होगी। इन दोनों जोन एरिया में कुल 58398 प्रॉपर्टी ओनर से वसूल किया जाएगा। क्योंकि इन दोनों जोन एरिया में ही अभी आरएफआईडी कार्ड लगाए गए हैं। इन कार्ड के जरिए रीयलटाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। कि कचरा उठाने के लिए आज गाड़ी पहुंची है या नहीं।