राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के आरोपियों पर एक्शन शुरू हो गया है। हत्या में शामिल रहे शूटर रोहित सिंह राठौड़ के खातीपुरा स्थित मकान के अवैध निर्माण पर गुरुवार को बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची थी।
दरअसल, नगर निगम ग्रेटर की विजिलेंस टीम को जानकारी मिली कि शूटर रोहित सिंह राठौड़ ने खातीपुरा इलाके में अवैध कब्जा कर रखा है। इस पर रोहित सिंह राठौड़ के खातीपुरा की सुंदरवन कॉलोनी में स्थित मकान के बाहर कार्रवाई की गई। रोहित ने खातीपुरा स्थित सुंदर नगर में प्लॉट संख्या 11 के बाहर सड़क पर अवैध निर्माण किया हुआ था। यहां बाउंड्री वॉल और कोठरी नुमा स्ट्रक्चर बना हुआ था।
शूटर की संपत्ति के बारे में जांच के आदेश – दिनेश एमएन
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया- गोगामेड़ी की हत्या करने वाले शूटर की संपत्ति के बारे में अधिकारियों को जांच के लिए कहा था। इसके बाद उसकी प्रोपर्टी की जांच की गई थी।
नोटिस के बाद लिया गया एक्शन
शिकायत मिलने के बाद पहले नगर निगम की टीम ने मौके पर जांच की। जांच में अतिक्रमण पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए उसे हटाने के लिए समय दिया। नोटिस जारी करने के बाद गुरुवार दोपहर 2 बजे नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के जरिए बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया। साथ ही बने स्ट्रक्चर और गार्डन को तोड़कर सड़क की जमीन खाली करवाई गई।