21 अप्रेल की रात जयपुर के बगरू थाना इलाके के बारवाल की ढाणी लोहरवाडा वेदांत सिटी निवासी हीरा देवी पत्नी भीम सिंह की घर में घुसकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करलिया | इस बारे में पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया की उसके और मृतका हीरा देवी के बीच काफी समय से संबंध थे। वारदात वाले दिन आरोपी महिला के घर जा रहा था तो उसने कई बार महिला को फोन किया, लेकिन महिला ने फोन नहीं उठाया। इससे नाराज आरोपी ने महिला के घर पर पहुंचकर झगड़ने लगा। इस दौरान झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतका हीरा देवी और आरोपी राजकुमार छिपा के बीच काफी समय से संबंध थे। दोनों का घर 1 किलोमीटर की दूरी पर है। मृतका के घर पर कोई नहीं होने के कारण वह रात को उसके पास जाने वाला था। दोनों में इसको लेकर बात हुई थी तो हीरा देवी ने कहा कि वह बाइक को घर पर खड़ी करके 4 रोटी लेकर आ जाए। आरोपी ने अपनी बाइक घर पर खड़ी की और हीरा देवी को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इस पर उसे गुस्सा आ गया था। उसने हीरा देवी के घर पर जाकर झगड़ा किया। इस पर विवाद बढ़ने पर उसने हीरा देवी का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने घर की सभी लाइटें बंद कर दी और अंदर से लॉक कर दिया था, ताकि किसी को शक नहीं हो। इसके बाद छत पर पहुंचा और कूदकर बाहर निकल गया। इस दौरान लोगों के इकट्टा होने पर वह घर के पास छुप गया था।
21 अप्रैल को रात करीब 10:40 बजे सतीश ने मां हीरा देवी को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस पर उसने बड़े भाई मांगीलाल को फोन कर भांजे पुलकित को घर भेजने के लिए कहा। भांजा पुलकित और चचेरी बहन माया और मौसी की लड़की अंजली घर पहुंचे। घर का गेट अंदर से बंद था और लाइट भी बंद थी। काफी आवाज लगाने के बाद भी मां हीरा देवी ने जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका पर गेट की कुंदी तोड़कर घर के अंदर गए तो एक कमरे में बेड पर हीरादेवी की लाश पड़ी थी। इस पर पुलकित और परिवार के दूसरे सदस्यों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आस-पास के लोग भी इकट्ठा हो गए। मर्डर की सूचना पर बगरू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मकान का मुआयना किया। मृतका के मोबाइल की जांच में सामने आया कि उसके मोबाइल पर अंतिम तीन मिस कॉल राजकुमार छीपा की थी। जब राजकुमार से इस बारे में पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।