कोटपूतली-बहरोड़ के नीमराना के माजरी कलां गांव में सड़क पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने लोगों पर कार चढ़ा दी। घटना में कुल 5 लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है फिलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है |
जानकारी के अनुसार माजरी कलां निवासी रिटायर्ड सूबेदार संजय कुमार ने बताया कि वह 31 अगस्त 2023 को AEC (आर्मी एजुकेशन कोर) से रिटायर हुए थे। गांव में माता की सवामणी कर रहे थे। जिसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदार भी आए थे। उनके भांजे राहुल यादव ने गाड़ी घर के सामने सड़क पर खड़ी कर रखी थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला राजेंद्र यादव सुबह 11 बजे घर जा रहा था। उसने रास्ते में खड़ी गाड़ी हटाने के लिए गाली-गलौज की। मामला बढ़ता देख पिता दुलीचंद ने राजेंद्र से कहा कि कुछ देर में गाड़ी हटा रहे हैं। लेकिन राजेंद्र ने अपने बेटे को बुला लिया। दोनों परिवारों के बीच कहासुनी होती रही। इस बीच राजेंद्र के बेटे खगेंद्र यादव ने अपनी गाड़ी हमारे परिवार पर चढ़ा दी। इसके बाद संजय कुमार ने आरोप लगाया कि इसके बाद करीब 25 से 30 की संख्या में बदमाश हाथों में लाठी-डंडे लेकर आए और उनके मकान पर हमला कर दिया। गेट और शीशे तोड़ दिए, स्कूटी और बाइक को तोड़ दिया। घर के बाहर लगे हुए सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ कर ले गए। जब पुलिस की मौजूदगी में गांव के सीएचसी पर इलाज करवाने के लिए पहुंचे, तो वहां पर राजेंद्र सिंह के दो बेटे खगेंद्र और अरुण मौजूद थे। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में मेरे पिता दुलीचंद के साथ मारपीट की।
वहीं दुसरे पक्ष खगेंद्र यादव ने भी मामला दर्ज करवाया जिसमे बताया कि उनकी गांव में पत्थर कटिंग की फैक्ट्री लगाई हुई है। सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री से खाना खाने कार से घर जा रहा था। रास्ते में दुलीचंद के घर के सामने एक गाड़ी खड़ी थी। जिसे हटाने को कहा तो शेर सिंह, राहुल यादव, दुलीचंद, यशवंत, संजय, नरेश ने मिलकर हमला कर दिया। मेरी गाड़ी में तोड़फोड़ की।
दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में मुकदमे दर्ज कराए गए। संजय यादव ने गाड़ी चढ़ाने और मारपीट करने की रिपोर्ट दी है। वहीं खगेंद्र यादव ने गाड़ी में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। मामले में संजय यादव के भांजे राहुल यादव निवासी महेंद्रगढ़ हरियाणा को गिरफ्तार किया था। संजय पक्ष में दुलीचंद, पत्नी निर्मला, पुत्रवधू गीता घायल हुई है। दूसरे पक्ष में खगेंद्र पुत्र राजेन्द्र सिंह और कृष्ण पुत्र बलराम घायल हुए हैं। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है |