राजधानी जयपुर के रामगंज इलाके में घोसियों का रास्ता में एक निर्माणाधीन मकान का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में वहां काम कर रहे 5 मजदूर दब गये जिनको चोटें आई। इनमें से 3 लोगों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह (एसएमएस) हॉस्पिटल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार घोसियों के रास्ते में यादव स्कूल के पास मकान संख्या 1655 जो काफी पुराना और जर्जर था। उसके चौक में एक मंजिल बनाने का काम चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक निर्माणाधीन हिस्सा भर-भराकर गिर गया। इसमें बल्ली-फंटे लगे थे, जिसके कारण मजदूर और ठेकेदार घायल हो गए। हादसे में 5 लोग दब गये जिनमे 3 लोगों के ज्यादा चोटें आईं, जिनको एंबुलेंस के जरिए एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है की मकान 8 से 10 लोगों ने मिलकर खरीदा है और सबने अलग-अलग रजिस्ट्रियां करवा रखी है। इनमें से एक व्यक्ति ने अपने हिस्से में एक मंजिल बढ़ाने के लिए ये निर्माण काम शुरू करवाया था। पिछले करीब एक महीने से काम चल रहा था। हादसे के बाद मकान मालिक फरार हैं। वहीं बताया जा रहा है की इस माकन के निर्माण के लिए नगर निगम से अनुमति भी नही ली गयी थी |