गांधीनगर, गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में स्थित राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण में गृह मंत्री अमित शाह समेत पांच राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे। पटेल ने गुजराती में शपथ ली। वे गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री बने। पटेल अमित शाह की अगवानी करने हवाई अड्डे पर भी पहुंचे थे। इस दौरान गृहमंत्री ने उनकी पीठ थपथपाई।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले भूपेंद्र पटेल घर में ही पूजा अर्चना की। साथ ही थलतेज स्थित साईं बाबा के मंदिर और अडालज स्थित दादा भगवान मंदिर पहुंचे और उसके बाद सीधे नितिन पटेल से आशीर्वाद लेने उनके घर गए। इसके बाद उन्होंने पहला ट्वीट जामनगर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए किया। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को एअरलिफ्ट करने के आदेश दिए गए हैं।
भूपेंद्र पटेल ने पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर 2 बजे राजभवन में शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्माई, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री के नाम पर अभी फैसला नहीं-
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने बताया कि भूपेंद्र पटेल के साथ किसी को शपथ नहीं दिलाई गई है। क्योंकि उपमुख्यमंत्री के नाम पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने हीं रखा था नाम का प्रस्ताव-
नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले विजय रूपाणी ने ही विधायक दल की बैठक में भूपेंद्र भाई पटेल का नाम का प्रस्ताव रखा था। डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने इसका समर्थन किया। इसके बाद विधायक दल ने पटेल के नाम को मंजूरी दे दी।
पहली बार विधायक बने और पार्टी ने सीएम बना दिया-
भूपेंद्र पटेल ने 2017 विधानसभा चुनाव में अहमदाबाद जिले के घाटलोडिया सीट से रिकॉर्ड वोट पाकर जीत हासिल की थी। उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के शशिकांत पटेल तो उन्होंने हराया था। पहली बार विधायक बने पटेल को अब पार्टी ने राज्य की कमान सौंप दी है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)