जयपुर में सर्दी शुरू होते ही चोरी की वारदातें बढ़ने लगी है। चोरों ने प्रतापनगर व करधनी में सूने मकान में चोरी की वारदात की। प्रताप नगर में मकान के ताले तोड़कर 4 लाख रुपए व सोने चांदी के गहने चोरी कर ले गए। वही करधनी में चोर अलमारी से सोने व चांदी के गहने ले गए। पुलिस दोनों वारदातों में चोरों की तलाश कर रही है।
प्रताप नगर में विजय सिंह निवासी ओम विहार रविंद्र नगर ने बताया कि पूरा परिवार निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के साथ शहर से बाहर गया हुआ था। पीछे से चोरों ने सूने मकान को देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वह लौटकर आए तो मकान के ताले टूटे मिले। अलमारी से 4 लाख रुपए व सोने चांदी के गहने चोरी हुए थे। पूरा सामान बिखरा पड़ा था। तब उन्होंने पुलिस को चोरी की सूचना दी।
वहीं करधनी में भी गोविंद सिंह निवासी विनायक विहार बालाजी नगर ने रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ मकान को ताला लगाकर गांव चला गया था। वह वापस लौट कर आया तो देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे। पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोर मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी को तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक कर चोरों का पता लगा रही है।
बदमाशों को पकड़ने के लिए चला सर्च अभियान-
जयपुर पुलिस विशेष टीम बनाकर हिस्ट्रीशीटर, बदमाशों व चोरों को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चला रही है। पुलिस ने ऐसे बदमाशों की सूची बनाई है जो लगातार वारदातों में शामिल रहते हैं। पुलिस ऐसे बदमाशों को पकड़ने के लिए सुबह-सुबह दबिश दे रही है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)