कांग्रेस में पंजाब को लेकर उठा विवाद बढ़ता ही जा रहा है। पंजाब विवाद में अब राजस्थान के नेता भी निशाने पर आने लगे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की नसीहत का कैप्टन अमरिंदर सिंह ने करारा जवाब दिया। अमरिंदर सिंह ने गहलोत को पंजाब की जगह राजस्थान पर ध्यान देने की सलाह दी है। बता दें कि सीएम गहलोत ने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ऐसा कोई कदम नहीं उठाए, जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो। कांग्रेस अध्यक्ष कई नेताओं की नाराजगी मोल लेकर मुख्यमंत्री का चयन करते हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गहलोत की नसीहत के बारे में पूछे गए सवाल पर एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि “वह अपना राजस्थान संभाले, हमारे पंजाब को छोड़ें। उन्हें पंजाब को छोड़कर राजस्थान में जो कुछ हो रहा है उसे देखना चाहिए। अशोक जी मेरे दोस्त हैं। चुनाव में जिस कमेटी ने टिकट दिए वे उसके चेयरमैन थे। वह बहुत अच्छे आदमी हैं। लेकिन उन्हें अपनी परेशानियों को देखना चाहिए। उनके सामने बहुत सी समस्याएं हैं। हमारे सामने राजस्थान में समस्याएं हैं। छत्तीसगढ़ में दिक्कतें हैं, तीन तो स्टेट रह गए हैं कांग्रेस के पास। आप पंजाब खराब कर ही रहे हो।”
गौरतलब है कि रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान जारी कर कहा था कि मुझे उम्मीद है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जी ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे, जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो। कैप्टन साहब ने खुद कहा कि पार्टी ने उन्हें साडे 9 साल तक मुख्यमंत्री बना कर रखा है। उन्होंने अपनी सर्वोच्च क्षमता के अनुरूप कार्य कर पंजाब की जनता की सेवा की है।
अशोक गहलोत ने कहा था कि हाईकमान को कई बार विधायकों और आमजन से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी हित में निर्णय लेने पड़ते हैं। मेरा व्यक्तिगत मानना है कि कांग्रेस अध्यक्ष कई नेता जो मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में होते हैं उनकी नाराजगी मोल लेकर ही मुख्यमंत्री का चयन करते हैं। मुख्यमंत्री को बदलते वक्त पुराने मुख्यमंत्री हाईकमान के फैसले को गलत ठहराने लग जाते हैं। ऐसे शब्दों में अपनी अंतरात्मा को सुनना चाहिए। कैप्टन साहब पार्टी के सम्मानित नेता है। मुझे उम्मीद है आगे भी पार्टी हित को ही आगे रखकर कार्य करते रहेंगे।
गहलोत और कैप्टन में अच्छी दोस्ती, पर गहलोत की सलाह देने पर नाराज हुए कैप्टन-
कैप्टन अमरिंदर सिंह और अशोक गहलोत के बीच दोस्ताना संबंध रहे हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव के समय अशोक गहलोत को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। पंजाब चुनाव में पूरा टिकट वितरण गहलोत से देखरेख में हुआ था। इसलिए पंजाब कांग्रेस की सियासी तस्वीर और वहां के विधायकों के बारे में उन्हें पूरी जानकारी है।
हाल ही के पंजाब के घटनाक्रम में नवजोत सिंह सिद्धू को अहमियत मिलने और खुद को हटाए जाने से कैप्टन अमरिंदर सिंह नाराज हैं। पंजाब की तरह राजस्थान कांग्रेस में भी कलह कम नहीं है। ऐसे समय में अशोक गहलोत की सलाह कैप्टन को नागवार गुजरी और अपने दोस्त को उन्होंने खरी-खोटी सुना दी।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)