उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में राजस्थान कांग्रेस के नेता आज सड़कों पर उतरेंगे। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भरतपुर जिले के ऊंचा नगला बॉर्डर से लखीमपुर खीरी तक पैदल मार्च निकालने की घोषणा की है। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भरतपुर के ऊंचा नगला बॉर्डर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा काफिले के साथ जयपुर के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से रवाना हुए हैं।
कांग्रेस ने इस पैदल मार्च की पहले से तैयारियां शुरू कर दी थी। भरतपुर के प्रभारी सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने कल से ही बैठकर लेकर कार्यकर्ताओं को पैदल मार्च की जिम्मेदारी दे दी। भरतपुर के आसपास के नेताओं को इस पैदल मार्च की जिम्मेदारी दी गई है।
डोटासरा ने कहा किसानों के दर्द पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी-
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस किसान नरसंहार में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। यूपी की बीजेपी सरकार ने संवेदनहीनता की हदें पार कर दी। पीड़ित किसानों से मिलकर संवेदना जताने जा रहे हम नेताओं के साथ जिस तरह का बर्ताव यूपी सरकार ने किया, वह पूरा देश देख रहा है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस वक्त पीड़ित किसानों के साथ खड़ा है। किसानों के दुख में हम चुपचाप नहीं बैठ सकते, हम हमारे किसान भाइयों का दर्द साझा करने के लिए पैदल मार्च निकाल रहे हैं।
पैदल मार्च को बॉर्डर पार नहीं करने दिया तो गिरफ्तारी देंगे कांग्रेस नेता-
कांग्रेस नेताओं को यूपी पुलिस बॉर्डर पर ही रोक सकती है। मौजूदा हालात को देखते हुए राजस्थान कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बॉर्डर पर ही रोका जा सकता है। बॉर्डर पर रोके जाने की स्थिति में कांग्रेस नेता गिरफ्तारी देंगे। कांग्रेस नेता आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन जारी रख सकते हैं। बीते दिन ही कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया था। आगे भी कांग्रेस इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की रणनीति बना रही है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)