कांग्रेस के सीनियर नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आज शाम बीजेपी नेता और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। जानकारों के मुताबिक कैप्टन आज दोपहर 3:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि दिल्ली में कैप्टन की मुलाकात भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी होगी। पंजाब में मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार शाम दिल्ली पहुंच रहे हैं। यहां वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलेंगे। इसको लेकर पंजाब की सियासत में खलबली मच गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कैप्टन बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। विरोधी पार्टियों और राजनीतिक विश्लेषक से लेकर कांग्रेस भी कैप्टन के रुख का इंतजार कर रहे थे। अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चल रही कलह के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने चरणजीत चुन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया।
इस्तीफे के बाद भाजपा को भी बताया था विकल्प-
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जब पद से इस्तीफा दिया तो भाजपा में ना जाने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था। कैप्टन ने कहा कि सभी विकल्प खुले हैं। राजनीति के 52 साल के अनुभव और साडे 9 साल मुख्यमंत्री रहने पर उनके कई दोस्त बने हैं। वह समर्थकों से विचार कर फैसला लेंगे। अमित शाह से वह पहले भी मिलते रहे हैं। लेकिन तब वह मुख्यमंत्री थे। अब अचानक उनके दिल्ली जाने से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
पहले भी 2017 में कैप्टन मन बना चुके थे-
साल 2017 में जब पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान के साथ उनकी ठन गई थी, तब प्रताप सिंह बाजवा पंजाब कांग्रेस के प्रधान थे। उस समय कैप्टन ने पहले जाट महासभा बनाकर कांग्रेस को चुनौती दी। हालांकि बाद में उन्हें प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंप दी गई। इसके बाद कैप्टन ने कहा था कि उस वक्त वह भाजपा में जाने के बारे में सोच रहे थे।
सीधे शामिल होंगे या नई पार्टी बनाएंगे-
कैप्टन को लेकर अब बड़ा सवाल यह भी है कि क्या वे सीधे भाजपा में शामिल होंगे। इसके अलावा वह नई पार्टी बनाकर भी ऐसा कर सकते हैं। कैप्टन ने पंजाब में जाट महासभा बनाई थी। हालांकि उनके सीएम बनने के बाद यह संगठन बैकग्राउंड में चला गया था। अब चर्चा है कि वह फिर से ऐसे ही संगठन के तरीके से भी अपनी इस ताकत बनाएंगे। जिसके बाद सीधे भाजपा या फिर गठजोड़ की राजनीति के लिए पंजाब की सियासत में कोई धमाका कर सकते हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह को विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सीएम की कुर्सी छोड़नी पड़ी है। इसके बाद कैप्टन ने नवजोत सिंह सिद्धू को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बता दिया। कैप्टन ने सिद्धू के पाक पीएम इमरान खान और पाक सेना प्रमुख बाजवा के साथ दोस्ती को खतरनाक करार दिया है।
वही चरणजीत सिंह चन्नी के नए सीएम बनने के बाद भी कैप्टन ने चिंता जताई है। कैप्टन ने कहा कि पंजाब बॉर्डर स्टेट है। पाकिस्तान लगातार यहां ड्रोन से हथियार और नशा भेज रहा है। चरणजीत चन्नी बढ़िया मंत्री रहे हैं। लेकिन उन्हें गृह विभाग का अनुभव नहीं है। ऐसे में पंजाब की सुरक्षा के प्रति उनकी चिंता है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)