जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर एक विवाहिता ने कमरे में साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सालभर पहले उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने रविवार दोपहर पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार मौजमाबाद दूदू निवासी पूजा सुकरिया ने सुसाइड किया है। मई-2023 में उसकी शादी उसकी शादी लल्लूजी नगर जयसिंहपुरा खोर में रहने वाले नीरज साटोलिया से हुई थी। शनिवार शाम को पूजा अपने ससुराल में अकेली थी इसी दौरान उसने अपने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। शाम को सास के घर आने पर पूजा फंदे से लटकी मिली। सुसाइड की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फंदे से शव उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
सुचना मिलने पर मौके पर मृतका के पिता पहुंचे | मृतका पूजा के पिता दुर्गा लाल ने जयसिंहपुरा खोर थाने में पति और ससुरालवालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने पूजा के ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि शादी के करीब 3-4 महीने बाद से ही ससुरालवाले दहेज मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित करने लगे। शारीरिक-मानसिक प्रताड़ित कर उसे 5 लाख रुपए लाने का दबाव बनाते थे। दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। उसके शरीर पर जगह-जगह नील के निशान मिले है। पुलिस ने शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।